मुंगेली। जिले में अवैध शराब बिक्री एवं निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लालपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम मुड़िया में दबिश देकर अवैध कच्ची महुआ शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.160 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मुड़िया में एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना लालपुर एवं साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी रामकुमार बंजारे को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पीले रंग के प्लास्टिक जरीकेन एवं प्लास्टिक पाउच में भरी हुई कुल 20.160 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 हजार 32 रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा शराब रखने और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद थाना लालपुर में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब बिक्री एवं निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई में उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, उप निरीक्षक सुंदरलाल गोरले सहित थाना लालपुर एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
