

साइबर जागृति अभियान के तहत जिला मुंगेली के गांव-गांव में पहुंचकर आमजन को किया जा रहा साइबर जागरूक

मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) का लक्ष्य—“हर गांव, हर घर” तक साइबर जागरूकता पहुंचाना, लगभग 1,575 लोगों को साइबर ठगी से बचाव के बताए गए उपाय।
एसएसपी भोजराम पटेल ने छत्तीसगढ़ी बोली में सरल उदाहरणों के माध्यम से ग्रामीणों को साइबर ठगी के नए तरीकों से कराया अवगत, दिलाई “साइबर जागृति शपथ”।
“जागरूक गांव, सुरक्षित गांव” एवं “मुंगेली पुलिस का यही पैगाम, साइबर सुरक्षित हो हर ग्राम” का दिया संदेश।

छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, अभियान का उद्देश्य जिले के हर गांव, हर घर तक पहुंचकर बच्चों, महिलाओं, पुरुषों एवं बुजुर्गों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
वर्तमान तकनीकी युग में साइबर ठगों द्वारा बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर, बिजली बिल अपडेट कराने, पीएम किसान निधि अथवा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर तथा विभिन्न बहानों से मोबाइल फोन पर संपर्क कर लोगों की मेहनत की कमाई ठगी जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा आमजन को साइबर ठगी के तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
दिनांक 09.09.2026 को ग्राम करही, सोढार, लिम्हा एवं गीधा के ग्राम पंचायत भवनों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 600 बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग एवं आमजन शामिल हुए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल द्वारा छत्तीसगढ़ी बोली में सरल एवं स्थानीय उदाहरणों के माध्यम से साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों को समझाया गया तथा लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई और आमजन को “साइबर जागृति शपथ” दिलाई गई, जिसमें OTP किसी से साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अज्ञात ऐप/ ऐपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने, मोबाइल के माध्यम से होने वाली ठगी से सावधान रहने, अनजान वीडियो कॉल से बचने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने के संबंध में समझाइश दी गई।
इस दौरान आमजन को “जागरूक गांव, सुरक्षित गांव” का संकल्प दिलाते हुए “मुंगेली पुलिस का यही पैगाम, साइबर सुरक्षित हो हर ग्राम” का नारा भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे एवं जनपद पंचायत सीईओ श्री संतोष कुमार घोसले द्वारा भी ग्रामीणों एवं आमजनों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर ठगी से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक होना आवश्यक है, फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन से सावधान रहने जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त थाना पथरिया के स्टाफ द्वारा स्वास्थ्य केंद्र पथरिया में लगभग 50 स्वास्थ्य मितानिनों, थाना जरहागांव द्वारा ग्राम भथरी में लगभग 25 व्यक्तियों तथा थाना फास्टरपुर द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मुंगेली एवं लावलीवुड कॉलेज में लगभग 400 छात्र-छात्राओं, लोरमी में धोबघट्टी, लालपुर में चन्दली साप्ताहिक बाजार में लगभग 500 लोगो को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
मुंगेली पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि साइबर ठगी से बचने के लिए स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
