
पाथवे निर्माण कार्य को लेकर नगर पालिका सख्त सीएमओ होरी सिंह ने ठेकेदार को जारी किया नोटिस
दाऊपारा चौक से कलेक्टर निवास तक 51 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे पाथवे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नगर पालिका ने गंभीर आपत्ति जताई है। निर्माण कार्य में लगातार खामियां मिलने पर नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी,कि सुधार नहीं होने पर गुणवत्ताहीन कार्य का भुगतान रोक दिया जाएगा तथा अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका द्वारा जारी पत्र के अनुसार, कार्य के निरीक्षण में पाया गया कि कई स्थानों पर पेवर ब्लॉक धंस रहे हैं। इसका मुख्य कारण बेस तैयार करने में मानकों का पालन नहीं किया। नगर पालिका अधिकारी ने निर्देश दिया है कि धंसे हुए पेवर ब्लॉकों को उखाड़कर निर्धारित गुणवत्ता के अनुसार दोबारा लगाया जाए।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि निर्माण में मिट्टीयुक्त रेत का उपयोग किया जा रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। नगर पालिका अधिकारी ने तत्काल ऐसी रेत हटाकर साफ और मानक रेत के उपयोग के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पेवर ब्लॉकों की लॉकिंग के लिए किए जा रहे पीसीसी कार्य को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप करने को कहा गया है।
नगर पालिका अधिकारी ने ठेकेदार को निर्देशित किया है कि पत्र प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर निर्माण स्थल पर आवश्यक गुणवत्ता सुधार कर उसकी फोटोग्राफ सहित लिखित प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। इसके बाद ही आगे का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए।
नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा में सुधार नहीं किया गया तो गुणवत्ताहीन कार्य का भुगतान नहीं किया जाएगा तथा निविदा एवं अनुबंध की शर्तों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी।
