मुंगेली। मुंगेली पुलिस द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत थाना लालपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। ग्राम परसाकापा में खेत के पास 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 10 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, ताश पत्ती और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Bhojram Patel ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ, सट्टा, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 13 मई 2026 को थाना लालपुर पुलिस और साइबर सेल को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम परसाकापा में कुछ लोग खेत के पास बैठकर 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना लालपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन टीम ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डुबनदास जांगड़े निवासी छाता, लक्ष्मीनारायण टंडन निवासी पतालकुंडी, राजकुमार डहरिया निवासी जवाहर वार्ड मुंगेली, दुर्गेश सोनवानी निवासी जवाहर वार्ड मुंगेली, विक्की कुमार डिंडोर निवासी परसाकापा, रामजी डहरिया निवासी बरमपुर, रामगोपाल बर्मन निवासी बुधवारा, ईश्वर कोशले निवासी भरूवागुड़ा, प्रमोद कुमार घृतलहरे निवासी कंतेली तथा संजय कोशले निवासी देवरहट को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास एवं जुआ फड़ से दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 18 हजार 500 रुपए नगद, 52 पत्ती ताश और एक बोरा फट्टी जब्त किया। सभी जब्ती कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में पूरी की गई। आरोपियों के खिलाफ थाना लालपुर में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। इसके अलावा आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन बाज” के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जुआ, सट्टा, अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, थाना प्रभारी लालपुर उप निरीक्षक सुन्दरलाल गोरले सहित थाना लालपुर एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
